साधन लागत पर राष्ट्रीय आय (National Income at Factor Cost)
अभी तक हमने बाज़ार मूल्य (Market Price) पर GDP, GNP, NDP, तथा NNP जैसी अवधारणाओं (concepts) पर चर्चा की थी. अब इन्हीं अवधारणाओं की चर्चा हम साधन लागत (factor cost) को आधार में रखकर करेंगे.
हम जानते हैं कि किसी वस्तु का उत्पादन चार साधनों के सहयोग से होता है — भूमि, श्रम, पूँजी, और साहस; जिन्हें हम उत्पादन के साधन कहते हैं. भूमि को उत्पादन कार्य में सहयोग देने के लिये लगान, श्रम को मज़दूरी, पूँजी को ब्याज, तथा साहसी को लाभ प्राप्त होता है. इन चारों साधनों के पारिश्रमिक का कुल योग ही साधन लागत कहलाता है.
बाज़ार मूल्य, साधन लागत से कम या ज़्यादा हो सकता है. वैसी वस्तुएँ जो कम आय वाले व्यक्तियों द्वारा प्रयोग की जाती हैं, सरकार आर्थिक सहायता देकर उनके बाज़ार मूल्य को साधन लागत से कम रखती है; जैसे, कैरोसिन तेल, उर्वरक इत्यादि. वैसी वस्तुएँ, जिनका उपभोग संपन्न वर्ग करता है, उनपर सरकार अप्रत्यक्ष कर (Indirect Tax) लगाकर, उनका मूल्य साधन लागत से ऊँचा रखती है.
अप्रत्यक्ष कर कई प्रकार के होते हैं; जैसे, बिक्री कर (Sales Tax), उत्पाद कर (Excise Duty), सीमा कर (Custom Duty), तथा सेवा कर (Service Tax) इत्यादि. अब इन सबको एक ही अप्रत्यक्ष कर GST (Goods and Services Tax) में सम्मिलित कर लिया गया है. अप्रत्यक्ष कर (Indirect Tax) में से आर्थिक सहायता (Subsidy) घटाने पर हमें शुद्ध अप्रत्यक्ष कर (Net Indirect Tax) की प्राप्ति होती है.
Table of Contents
GDP FC या सकल घरेलू आय (Gross Domestic Income)
साधन लागत पर सकल घरेलू उत्पाद घरेलू सीमा में एक लेखा वर्ष में सामान्य निवासियों द्वारा मज़दूरी, लागत, ब्याज़ तथा लाभ के रूप में अर्जित आय तथा पूँजी उपभोग मूल्य का जोड़ है. GDP FC में घिसावट व्यय (Depreciation) सम्मिलित होता है, लेकिन, NDP FC में घिसावट व्यय घटा दिया जाता है. इसलिये यह समीकरण बनता है:
GDP FC = NDP FC + Depreciation
GDP FC – Depreciation = NDP FC
NDP FC या शुद्ध घरेलू आय (Net Domestic Income)
एक लेखा वर्ष (Accounting Year) के अन्तर्गत किसी देश की घरेलू सीमा में उत्पादित साधन आय के जोड़ को शुद्ध घरेलू आय (Net Domestic Income) अथवा साधन लागत (factor cost) पर शुद्ध घरेलू उत्पाद (NDP FC) कहते हैं. इसे इस प्रकार स्पष्ट किया जा सकता है.
एक लेखा वर्ष में एक देश की घरेलू सीमा में अर्जित साधन आय (लगान + मज़दूरी + बयाज + लाभ) के कुल जोड़ को शुद्ध घरेलू आय अथवा साधन लागत पर शुद्ध घरेलू उत्पाद कहते हैं. इस प्रकार निम्न समीकरण बनता है :-
NDP MP – शुद्ध अप्रत्यक्ष कर = NDP FC
या
NDP MP – अप्रत्यक्ष कर + आर्थिक सहायता = NDP FC
NDP MP – Net Indirect Taxes = NDP FC
या
NDP MP – Indirect Tax + Subsidy = NDP FC
राष्ट्रीय आय (National Income) या साधन लागत पर शुद्ध राष्ट्रीय उत्पाद (NNP FC)
राष्ट्रीय आय का मतलब साधन लागत पर शुद्ध राष्ट्रीय उत्पाद (NNP FC) से ही होता है. मज़दूरी, ब्याज, लगान और लाभ के रूप में उत्पादन के साधनों को दिये जाने वाले भुगतान को ही राष्ट्रीय आय कहते हैं. इसे इस प्रकार स्पष्ट किया जा सकता है —
किसी एक लेखा वर्ष में किसी देश की घरेलू सीमा (domestic territory) में अर्जित कुल साधन आय (लगान + मज़दूरी + ब्याज + लाभ) तथा विदेशों से शुद्ध साधन आय (net factor income from abroad) का जोड़ साधन लागत (factor cost) पर शुद्ध राष्ट्रीय उत्पाद अथवा राष्ट्रीय आय कहलाता है. इस प्रकार निम्न समीकरण बनता है :
NDP FC + विदेशों से शुद्ध साधन आय = NNP FC
NDP FC + Net Factor Income from Abroad = NNP FC
साधन लागत पर सकल राष्ट्रीय उत्पाद (GNP FC)
सकल राष्ट्रीय आय एक देश में एक वर्ष में सामान्य निवासियों द्वारा अर्जित साधन लागतों (factor incomes) का कुल जोड़ है जिसमें अचल पूँजी (fixed capital) का उपभोग (घिसावट व्यय) सम्मिलित रहता है. इस प्रकार निम्न समीकरण बनता है :
GNP FC = NNP FC + घिसावट व्यय
GNP FC = NNP FC + Depreciation
or
NNP FC = GNP FC – घिसावट व्यय
NNP FC = GNP FC – Depreciation

Thank you, your site is very useful!